बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान इन दिनों केदारनाथ धाम की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। बाबा केदार के प्रति उनकी आस्था एक बार फिर चर्चा में है। पिछले तीन दिनों से धाम में मौजूद सारा सुबह और शाम की आरती में शामिल हो रही हैं। रविवार को हेलिकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचीं अभिनेत्री ने आम श्रद्धालुओं के बीच रहकर दर्शन किए। बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद वह करीब आधे घंटे तक कतार में खड़ी रहीं और बाबा केदार के दर्शन किए।
सारा अली खान का केदारनाथ से जुड़ाव पुराना है। वर्ष 2017 में अपनी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान इस पवित्र स्थल से उनका खास रिश्ता बना था। इसके बाद से वह लगातार यहां आने की कोशिश करती हैं। स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने केदारनाथ धाम को अपना घर बताते हुए कहा, “बाबा का धाम मेरा घर है।” उनके इस भाव ने स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा बटोरी।
सादगी से पहुंचीं मंदिर, श्रद्धालुओं के बीच बिताया समय
इस यात्रा के दौरान सारा बेहद साधारण कपड़ों और सिर पर टोपी पहने नजर आईं। वह आम श्रद्धालुओं के बीच घूमती रहीं, जिसके चलते कई लोग उन्हें पहचान भी नहीं पाए। उन्होंने मंदिर में दर्शन करने के साथ रक्षक बाबा भुकुंट भैरव के भी दर्शन किए। मौसम खराब होने और ठंड बढ़ने के बावजूद उनका दर्शन के लिए कतार में खड़े रहना चर्चा का विषय बना हुआ है।
सारा ने अपने दोस्तों के साथ मंदिर परिसर के आसपास समय बिताया और कुछ रील्स भी बनाईं। रात के समय वह स्थानीय लोगों और दुकानदारों के साथ बैठकर चाय पीती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने केदारघाटी में नए परिचितों से बातचीत की और आसपास के ट्रैकिंग मार्गों के बारे में भी जानकारी ली। उनकी यह सादगी स्थानीय लोगों को पसंद आई।
केदारनाथ से फिल्मी सफर की खास यादें
सारा अली खान की फिल्म ‘केदारनाथ’ वर्ष 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे। फिल्म की कहानी केदारनाथ और वहां आई प्राकृतिक आपदा की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान सारा का इस क्षेत्र से भावनात्मक जुड़ाव बना। इसके बाद भी वह कई बार केदारनाथ धाम पहुंचकर अपनी आस्था व्यक्त कर चुकी हैं। सारा की यात्रा ऐसे समय में चर्चा में आई है, जब श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से गैर-सनातनियों के प्रवेश से जुड़े नियमों पर चर्चा हुई थी। इस विषय पर मंदिर समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने सारा की आस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा केदार में विश्वास रखने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत है। सारा की इस यात्रा ने एक बार फिर केदारनाथ धाम के प्रति उनके लगाव और श्रद्धा को सुर्खियों में ला दिया है।

