Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
Recent राजनीतिक राष्ट्रीय

भाजपा का महामंथन आज, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पांच राज्यों के चुनाव समेत कई मुद्दों पर तय होंगे एजेंडे

भाजपा एक बार फिर से नए सिरे से महामंथन करने जा रही है। त्योहार का सीजन समाप्त हो चुका है अब पार्टी के नेता आगामी रणनीति के लिए कमर कस चुके हैं। इसी को देखते हुए आज राजधानी दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में चंद महीनों में होने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से लेकर हाल के दिनों में अपनी सरकार के विकास कार्यों का लेखा-जोखा पर विस्तार से चर्चा होगी। तभी इस मीटिंग का समय 5 घंटे रखा गया है। दिल्ली नगरपालिका परिषद के कन्वेंशन सेंटर में बैठक रविवार सुबह 10 बजे शुरू होगी । जिसकी शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के संबोधन होगा। बैठक का समापन दोपहर 3 बजे प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से होगा। इस बैठक में कार्यकारिणी के 124 सदस्य उपस्थित रहेंगे। इनमें प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा सभी केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा में पार्टी के नेता पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कार्यसमिति के अन्य सदस्य शामिल हैं। 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्षों के नेतृत्व में राज्य इकाइयां डिजिटल माध्यम से कार्यकारिणी की बैठक से जुड़ेंगी। इस बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। साथ ही, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर विशेष चर्चा होगी और मंथन होगा। बता दें कि हाल ही में कुछ राज्यों में हुए उपचुनाव के परिणाम से बीजेपी का निराशाजनक प्रदर्शन के बीच यह बैठक हो रही है। हालांकि पार्टी ने असम और मध्य प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वह हिमाचल प्रदेश में सभी तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर चुनाव हार गई जबकि पश्चिम बंगाल में और राजस्थान में पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। कार्यसमिति की बैठक पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा के चुनाव, किसान आंदोलन, महंगाई के मुद्दे समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले सात साल में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित होगी। गौरतलब है कि पिछले साल कोरोना वायरस महामारी फैलने के बाद पहली बार यह बैठक सभी की उपस्थिति में होने जा रही है।

Leave a Comment