Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

कैबिनेट की बैठक से पहले सीएम धामी पहुंचे बाबा बदरीनाथ धाम, दर्शन कर की पूजा-अर्चना

आज शाम होने वाली कैबिनेट की बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह बाबा बदरीनाथ के दर्शन किए। ‌ बता दें कि आज शाम 5 बजे होने वाली कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री धामी राज्य कर्मचारियों को बड़ी सौगात देंगे। पिछले दिनों केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) में बढ़ोतरी की थी। ‌‌‌‌अब राज्य सरकारों ने अपने कर्मचारियों को डीए देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी को लेकर आज उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी सरकार महत्वपूर्ण कैबिनेट की बैठक करने जा रही है। ‌धामी के इस कैबिनेट बैठक को लेकर कर्मचारियों को भी इंतजार है। दीवाली बोनस और महंगाई भत्ते पर आज शाम को होने जा रही कैबिनेट की बैठक में इन दोनों प्रस्तावों पर मुहर लगने की उम्मीद है। इसके अलावा कैबिनेट में कर्मचारियों से जुड़े कई अन्य विषय भी आने की उम्मीद है। इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में आयुष्मान योजना में संशोधन और नर्सिंग भर्ती में नियमों में बदलाव संबंधी प्रस्ताव भी कैबिनेट में आ सकते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ोतरी पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है। कैबिनेट की बैठक से पहले आज सुबह मुख्यमंत्री धामी बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की । इस दौरान रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने पूजा-अर्चना कराई। मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम में व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली इसके साथ उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत भी की। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के दूसरे दिन यानी 5 नवंबर को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। ‌प्रधानमंत्री मोदी यहां बाबा केदारनाथ के दर्शन करेंगे। केंद्र सरकार ने केदारनाथ की तर्ज पर बदरीनाथ धाम को भी संवारने का निर्णय लिया है। इसके लिए बजट भी स्वीकृत किया गया है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान बदरीनाथ धाम के सुंदरीकरण कार्यों को लेकर चर्चा कर सकते हैं। इसी के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज बदरीनाथ पहुंचे। इस दौरान मुख्य सचिव एसएस संधु भी उनके साथ हैं। उसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वापस राजधानी देहरादून लौट आए हैं।

Leave a Comment