Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

महाअष्टमी पर दीपों से जगमगाई बाबा बागनाथ की नगरी, मां सरयू की भव्य आरती और आतिशबाजी ने मोहा मन

महाअष्टमी के पावन अवसर पर बाबा बागनाथ की नगरी बागेश्वर दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। सरयू-गोमती संगम के दोनों तट हजारों दीपों की झिलमिलाहट से रोशन हो गए। इस दौरान मां सरयू की भव्य आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां का आशीर्वाद लिया। दीपदान और आतिशबाजी से सजी शाम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।

महाअष्टमी पर सरयू घाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रंग-बिरंगी रोशनी के बीच मां सरयू की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने नदी के दोनों तटों पर दीपदान किया। दीपों से जगमगाते घाट और आसमान में हुई आतिशबाजी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सरयू घाट पहुंचे। देर रात तक घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और पूरा क्षेत्र आस्था एवं उल्लास से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने दीपदान कर किया। उन्होंने कहा कि महाअष्टमी पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। दीपों का प्रकाश जीवन में आशा, सकारात्मकता और अच्छाई का संदेश देता है। ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं, दुर्गा पूजा पंडालों में भी आरती-वंदना और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर देवी पूजा महोत्सव समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के अनुसार, प्रत्येक वर्ष महाअष्टमी पर भंडारे का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्या, उमेश साह, नवीन रावल, विजयपाल मटियानी और नवीन लाल साह सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment