September 4, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध के बीच देश में घरेलू गैस की किल्लत पर विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ संसद परिसर में किया प्रदर्शन

ईरान और इजराइल-अमेरिका युद्ध के बीच भारत में भी घरेलू गैस की किल्लत दिख रही है। विपक्ष ने भी इसे मुद्दा बनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मामले की गूंज संसद के भीतर और बाहर भी सुनाई दे रही है। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में एलपीजी के कथित संकट को लेकर आज संसद परिसर में प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार के निकट कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद एकत्र हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने ‘मोदी जी एलपीजी’ के नारे लगाए।


राहुल गांधी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए
विपक्षी सांसदों ने गैस सिलेंडर की आकृति वाली तख्तियां भी ले रखी थीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि ईंधन संकट को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन वह खुद अलग कारणों से घबराए हुए नजर आ रहे हैं। इससे पहले 11 मार्च को भी विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में गैस किल्लत को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। इसमें कुछ देर के लिए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी नजर आई थीं।

बता दें कि सरकार ने आश्वस्त किया है कि देश में कहीं भी एलपीजी की किल्लत नहीं है। हालांकि, कुछ जगहों पर लोग गैस सिलेंडर लिए लाइन में नजर आ रहे हैं। बंगलुरू, मुंबई समेत कई शहरों में एलपीजी की दिक्कत के चलते कुछ रेस्टोरेंट बंद होने की खबरें आई हैं। वहीं, नोएडा सहित यूपी के कुछ और शहरों में भी एलपीजी को लेकर लोग परेशान नजर आ रहे हैं।

Leave a Comment