August 24, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश उत्तराखंड

एक साल पहले दो मुख्यमंत्रियों और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई आज स्वयं योगी सरकार में मंत्री पद की शपथ ली

सात महीने पहले तक उत्तराखंड की राज्यपाल रहीं बेबी रानी मौर्य ने सोचा भी नहीं होगा कि वह योगी की दूसरी टीम की मंत्रिमंडल में शामिल होंगी। एक साल पहले दो मुख्यमंत्रियों को शपथ दिलाने वाली बेबी रानी आज खुद ही यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मंत्री पद की शपथ ले रहीं थीं। साल 2021 में उत्तराखंड के तत्कालीन राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दो मुख्यमंत्रियों को और उनके विधायकों को मंत्रिमंडल की शपथ दिलाई थी। सबसे पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री हटाए जाने के बाद 10 मार्च 2021 को बेबी रानी ने तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। करीब 4 महीने बाद ही भाजपा हाईकमान ने तीरथ सिंह रावत को हटाकर पुष्कर सिंह धामी को कमान सौंप दी थी। तत्कालीन राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पुष्कर सिंह धामी को भी मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। बता दें कि बेबी रानी मौर्य को साल 2018 के अगस्त में उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया था। इससे पहले वह आगरा की मेयर भी रहीं हैं। भाजपा हाईकमान ने पिछले साल सितंबर महीने में बेबी रानी को उत्तराखंड की राज्यपाल से हटा दिया था। उनके स्थान पर गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का नया राज्यपाल बनाया गया। इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में बेबी रानी मौर्य आगरा ग्रामीण से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ी और जीतीं। आज बेबी रानी मौर्य लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मंत्री पद की शपथ ली है। 

Leave a Comment