उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयास अब धार्मिक पर्यटन के आंकड़ों में भी साफ नजर आने लगे हैं। चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं जागेश्वर धाम, त्रियुगीनारायण, धारी देवी, पूर्णागिरि, कैंची धाम और आदि कैलाश जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों पर भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 150 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
पर्यटन विभाग की जनवरी से जून 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक, जागेश्वर धाम में इस अवधि के दौरान 1.74 लाख श्रद्धालु पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 67,875 थी। त्रियुगीनारायण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 3.40 लाख हो गई, जो पिछले साल 1.36 लाख थी। धारी देवी मंदिर में भी आस्था का प्रवाह बढ़ा और यहां करीब 5.42 लाख श्रद्धालु पहुंचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुना है। वहीं पूर्णागिरि धाम में इस वर्ष 20.91 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 14.35 लाख था।

