Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 11, 2026
Daily Lok Manch
Recent उत्तराखंड

पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर की पैड़ी पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी



हरिद्वार में सोमवार को पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही हर की पैड़ी और गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ उत्तराखंड के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान-दान किया। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हुए धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न किए।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हर की पैड़ी स्थित गंगा मंदिर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। घाटों पर पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा। कई श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री का दान भी किया। गंगा आरती स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। हर की पैड़ी, प्रमुख घाटों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया, जबकि भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। घाटों पर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी सुरक्षा की दृष्टि से मुस्तैद रहीं।

दिनभर हरिद्वार का धार्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर पूर्णिमा पर्व का पुण्य लाभ अर्जित किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Leave a Comment