Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
हिमाचल

हिमाचल में रिहायशी घर के बाथरूम में घुसा तेंदुआ, महिला की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, वन विभाग ने बेहोश कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा, देखें वीडियो

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ शिकार का पीछा करते हुए सीधे एक रिहायशी मकान में घुस गया। परिवार की सतर्कता और महिला की सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

सोलन जिले के कसौली क्षेत्र के गढ़खल स्थित ब्रूरी गांव में शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ कुत्ते का शिकार करने के इरादे से आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। शिकार का पीछा करते-करते वह जीतराम के घर के बाथरूम में घुसकर छिप गया। इसी दौरान जीतराम की पत्नी बाथरूम की ओर जा रही थीं। जैसे ही उनकी नजर अंदर बैठे तेंदुए पर पड़ी, वह घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। तुरंत बाहर निकलकर बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे तेंदुआ अंदर ही कैद हो गया और बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल वन विभाग के वन्यजीव विंग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रैंक्विलाइज़र गन और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए तेंदुए को बेहोश किया और सुरक्षित तरीके से बाथरूम से बाहर निकाला। स्वास्थ्य जांच के बाद उसे नजदीकी जंगल में छोड़ दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला को देखकर तेंदुए ने गुर्राया जरूर, लेकिन उसने न तो हमला किया और न ही बाथरूम से बाहर निकलने की कोशिश की। वह काफी देर तक शांत बैठा रहा, जिससे वन विभाग को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में आसानी हुई।

घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा और एहतियात के तौर पर लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई। वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें और खुद उन्हें पकड़ने या भगाने की कोशिश न करें।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाथरूम के भीतर बैठे तेंदुए और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें लोगों का ध्यान खींच रही हैं।

Leave a Comment