Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 31, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

वाराणसी से आज शाम रवाना होगी स्लीपर वंदे भारत, सीएम योगी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी




उत्तर प्रदेश को देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इस आधुनिक ट्रेन को शनिवार, 31 अक्टूबर की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके लिए बनारस रेलवे स्टेशन पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वांचल और राष्ट्रीय राजधानी के बीच रात के समय तेज और आरामदायक रेल यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि यह उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन होगी और देश में हावड़ा-गुवाहाटी के बाद दूसरी ऐसी सेवा होगी। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इस ट्रेन का संचालन छह दिन किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के लिए ट्रेन को शनिवार शाम करीब चार बजे रवाना किया जाना निर्धारित है। हालांकि, नियमित यात्रियों के लिए इसका परिचालन अलग समय सारिणी के अनुसार होगा। रेलवे ने नियमित सेवा के लिए ट्रेन संख्या 27421 और 27422 निर्धारित की है।

वाराणसी से रात 8:50 बजे चलेगी नियमित सेवा

रेलवे की निर्धारित समय सारिणी के मुताबिक, वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 27421 रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस तरह दोनों शहरों के बीच यात्रा में करीब नौ घंटे 20 मिनट लगेंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह ट्रेन वाराणसी से शुक्रवार को और नई दिल्ली से शनिवार को संचालित नहीं होगी। यानी दोनों दिशाओं में सप्ताह में छह दिन यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी। रेलवे के मुताबिक, मौजूदा शिवगंगा एक्सप्रेस की तुलना में नई स्लीपर वंदे भारत वाराणसी से दिल्ली की यात्रा में 55 मिनट और दिल्ली से वाराणसी की यात्रा में 35 मिनट की बचत करेगी।

प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी

इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में निर्धारित किया गया है। इससे इन शहरों के यात्रियों को भी दिल्ली और वाराणसी के बीच आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। खासकर प्रयागराज और कानपुर के यात्रियों के लिए रात में सफर कर सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचना आसान होगा।

16 डिब्बे, 823 यात्रियों के लिए बर्थ

स्लीपर वंदे भारत में कुल 16 वातानुकूलित डिब्बे होंगे। इनमें 11 तृतीय श्रेणी, चार द्वितीय श्रेणी और एक प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बा शामिल है। पूरी ट्रेन में 823 यात्रियों के लिए बर्थ उपलब्ध होंगी। प्रथम श्रेणी के डिब्बे में गर्म पानी की सुविधा वाला स्नानघर भी दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, आग और धुएं का पता लगाने वाली प्रणाली, आपातकालीन बटन और ट्रेन टक्कर से बचाव की आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग के लिए यूएसबी सुविधा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सामान रखने की जगह और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ तथा शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। रेलवे की इस नई सेवा से धार्मिक यात्रियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। वाराणसी और दिल्ली के बीच रातभर की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही यह ट्रेन पूर्वांचल के रेल संपर्क को नई गति देगी। नियमित व्यावसायिक परिचालन शुरू होने की तारीख रेलवे अलग से घोषित करेगा।

Leave a Comment