Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 5, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देहरादून नगर निगम में कर वसूली पर सख्ती, बिना अनुमति गायब दो कर निरीक्षकों का वेतन रोका


देहरादून नगर निगम में कर वसूली और राजस्व बढ़ाने के लिए नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित कर अनुभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कर संग्रह, बकाया वसूली और राजस्व वृद्धि की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान लापरवाही सामने आने पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान कर निरीक्षक चंद्रशेखर और सत्येंद्र कुमार बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने दोनों अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बड़ी संपत्तियों के कर निर्धारण की होगी दोबारा जांच

बैठक में नगर आयुक्त ने बड़ी संपत्तियों पर लगाए गए कर का पुनः सत्यापन और परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कर निर्धारण में किसी भी प्रकार की गलती से नगर निगम को राजस्व का नुकसान हो सकता है। इसलिए बड़े कर मामलों की गहन जांच कर सही कर निर्धारण सुनिश्चित किया जाए।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कर वसूली में तेजी लाने, बकाया राशि की प्रभावी वसूली करने और राजस्व बढ़ाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment