Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड राष्ट्रीय

उत्तराखंड पीसीएस में बेटियों का परचम, जसमीत बनीं डिप्टी कलेक्टर टॉपर तो अदिति ने हासिल किया DSP रैंक में पहला स्थान

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर जारी इस परिणाम में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया अध्याय लिखा है।
डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर ने मेरिट में पहला स्थान हासिल कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, जबकि पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर अदिति पुनेठा ने टॉप कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। परिणाम में महिलाओं की उल्लेखनीय सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड की बेटियां प्रशासनिक सेवाओं में नई ऊंचाइयां छू रही हैं।
आयोग ने डिप्टी कलेक्टर के नौ, पुलिस उपाधीक्षक के 10, जिला कमांडेंट होमगार्ड के पांच तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और कार्याधिकारी जिला पंचायत के एक-एक पद पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। इसके अलावा सहायक नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारी पदों पर भी सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर के साथ वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी ने सफलता हासिल की है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक पद पर अदिति पुनेठा के अलावा ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, साक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी चयनित हुए हैं।
चंपावत जिले के लोहाघाट की रहने वाली अदिति पुनेठा की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है। मूल रूप से भुमलाई गांव की निवासी अदिति वर्तमान में ठाडा ढूंगा, लोहाघाट में रहती हैं। उनके पिता दीपक पुनेठा एलआईसी में शाखा प्रबंधक हैं, जबकि माता भावना पुनेठा शिक्षण कार्य से जुड़ी हैं। अदिति की इस उपलब्धि पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Leave a Comment