खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में विकास कार्यों को गति देते हुए खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। करीब 14.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क व्यवस्था से क्षेत्र के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका खटीमा से रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां और बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें लगातार प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से लोगों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

