देहरादून में तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। हमलावरों ने कर्नल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने तिब्बती मार्केट कुछ समय के लिए बंद कर दिया।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे। अर्जुन, कर्नल आरसी शर्मा के बेटे थे और आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वह परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने पहुंचे थे।
डालनवाला थाना पुलिस के मुताबिक, खेल समाप्त कर जब अर्जुन शर्मा अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे, तभी स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी छाती में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

अर्जुन शर्मा अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बेटी की उम्र करीब 3 वर्ष और बेटे की उम्र लगभग 5 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
पिता के शहीद होने पर मां को मिली एजेंसी
घटनास्थल पर मृतक की मैरून रंग की जीप कार खड़ी मिली है। बताया जा रहा है कि कार में बैठने से ठीक पहले ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मृतक के पिता सेना में शहीद हुए थे। जिसके बाद एजेंसी मां वीना शर्मा के नाम अलॉट हुई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।
दोस्त बोला- हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद
वारदाता के बाद मौके पर पहुंचे अर्जुन के दोस्त राजीव यादव ने कहा- दो दिन पहले ही मेरा भी एक प्रॉपर्टी का मामला चल रहा है। डालनवाला में कोरोनेशन हॉस्पिटल के पीछे की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद है। 6 तारीख को मुझे भी जान से मारने की धमकी मिली थी।
धमकी देने वाला बिहार की बेऊर जेल से बात कर रहा था। मैंने इस मामले में एसएसपी साहब को लिखित शिकायत दी है और एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। अर्जुन भाई ने भी बताया था कि वह इस मामले में दो-तीन बार अधिकारियों से मिल चुके थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मेरा केस भी काफी हद तक उनसे मिलता-जुलता है। मुझे भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में डर लगना स्वाभाविक है, क्योंकि मैं रोज आता-जाता हूं, बच्चों के साथ ट्रैवल करता हूं।
अर्जुन ने पुलिस से भी की थी शिकायत
राजीव यादव ने कहा कि मेरे पास उस व्यक्ति की कॉल रिकॉर्डिंग भी है, जिसने मुझे जान से मारने की धमकी दी। इसमें मुन्ना सिंह नाम का शख्स शामिल है, जो मेरा पार्टनर रहा है। बाद में पता चला कि उसके खिलाफ बिहार में पहले से मर्डर केस दर्ज है। इसके बावजूद, कई शिकायतों के बाद भी उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अर्जुन भाई अक्सर कहते थे कि उन्होंने पुलिस से कई बार बात की, लेकिन हर बार यही जवाब मिलता था कि देख रहे हैं, कार्रवाई कर रहे हैं। प्रॉपर्टी को लेकर उनका पारिवारिक विवाद भी चल रहा था। उनकी माता के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर सिविल कोर्ट में मामला बताया जाता था।
कई बार वह इन बातों को लेकर परेशान और डिप्रेस भी रहते थे। कुछ लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन सच क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगा। मैं इतना ही कह सकता हूं कि धमकियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए था। आज जो अर्जुन भाई के साथ हुआ, वही डर मुझे अपने लिए भी सताता है।
नौकरानी बोलीं- सुबह घर से कॉफी पीकर निकले
मृतक अर्जुन शर्मा की नौकरानी रजनी नेगी ने बताया कि वसंत विहार गली नंबर तीन के घर में सात महीने पहले किराए पर शिफ्ट हुए हैं। उनका खुद का घर टपकेश्वर के पास है। लेकिन अभी उस घर में निर्माण चल रहा है। जिस कारण ये घर किराए पर लिया है। जबकि उनकी माता और बड़ा भाई इंद्रानगर स्थित घर में रहते हैं।
मृतक सुबह आठ बजे घर से कॉफी पीकर निकला था। उनकी पत्नी हाउसवाइफ अभिलाषा शर्मा हैं।
प्रेस क्लब से चंद कदमों की दूरी पर वारदात
हैरानी की बात यह है कि वारदात स्थल राज्य के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में स्थित है। यह जगह सचिवालय और पुलिस मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर है, जबकि देहरादून प्रेस क्लब भी यहां से चंद कदमों पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि स्कूटी सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।
मां ने बेटे से ही बताया था जान का खतरा पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक अर्जुन शर्मा का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर घर में विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी माता ने हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर अपने ही बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी।
पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
आईजी गढ़वाल बोले- अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि घटना सुबह लगभग 10:30 बजे की है। अर्जुन शर्मा नामक व्यक्ति पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला किया गया, जिसमें उन्हें गोली लगी। गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जनपद प्रभारी एसएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य कब्जे में लिए गए हैं।
मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। जो भी हमलावर या जिम्मेदार व्यक्ति होंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरी न्यायिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों को कानून के अनुसार दंडित कराया जाएगा।
IG गढ़वाल बोले- देहरादून SSP के साथ समीक्षा बैठक करूंगा
आईजी गढ़वाल ने आगे कहा कि पिछले कुछ दिनों में विशेषकर मैदानी जिलों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली है। इसे गंभीरता से लिया गया है। सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाए और दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। क्षेत्राधिकारी (सीओ) और डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारियों को प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आने वाले दिनों में मैं देहरादून एसएसपी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करूंगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हमारा उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना और हालिया घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।
देहरादून में 14 दिन के अंदर 4 मर्डर
- 29 जनवरी– विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या की गई थी। मृतका की पहचान 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर (18) के तौर पर हुई। लड़की को उसका चचेरा भाई दवा दिलाने के बहाने से घर से लेकर गया था।
- 31 जनवरी– ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। युवक ने घर में घुसकर गोली मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। दोनों ने अपने पति और पत्नी को तलाक दे दिया था।
- 02 फरवरी– देहरादून के पलटन बाजार में एक 23 वर्षीय युवती की गला काटकर हत्या दी गई। वारदात के बाद बाजार में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसके बाद व्यापारियों ने बाजार बंद करा दिया था। मृतक युवती की पहचान गुंजन के रूप में हुई।
- 11 फरवरी– देहरादून के तिब्बती मार्केट में 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या की गई।

