Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
November 4, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश

त्योहारों पर उपद्रव की साजिश रचने वालों की खैर नहीं, मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को किया अलर्ट, छुट्टियां रद्द और सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश


उत्तर प्रदेश में आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों की खुशियों में खलल डालने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और उपद्रव फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के मद्देनजर शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश भी दिए हैं।
मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहार उल्लास, उमंग, आस्था और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन अवसरों पर ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं कि आम नागरिक बिना किसी भय के त्योहार मना सकें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका न रहे। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाह, भ्रामक सूचना और शरारतपूर्ण बयानबाजी के माध्यम से माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को तत्काल चिह्नित किया जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि किसी भी व्यक्ति को उत्सव के माहौल को बिगाड़ने की छूट नहीं दी जाएगी।

अयोध्या दीपोत्सव के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम


7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। इसके लिए रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार करने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

मंदिरों और बाजारों में चौबीस घंटे पुलिस निगरानी


मुख्यमंत्री ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। पैदल गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और पीआरवी-112 को निरंतर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा गया है।
प्रतिमा स्थापना से जुड़े आयोजनों में नियमानुसार समयबद्ध अनुमति देने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में विवाद खड़ा करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी

पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं। लाइसेंस और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक देरी न हो। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सफाई, बिजली-पानी और परिवहन व्यवस्था पर भी जोर


मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। नियमित सैनिटाइजेशन और एंटी-लार्वा फॉगिंग कराई जाए। कहीं भी जलभराव, कूड़े के ढेर और सड़कों पर गड्ढे नहीं होने चाहिए। पर्वों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
परिवहन विभाग को यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। अनफिट और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ निजी बस संचालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर भी तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए पर्वों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment