Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
November 3, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

खटीमा में रामलीला कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी, बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारें



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन हमें धर्म, नैतिकता और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेशधारियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के साथ हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया गया है। आयुष्मान योजना के माध्यम से पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं किसानों को किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों के हित में वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू की गई है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment