Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 24, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

खटीमा में सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा पहुंचकर लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और प्रत्येक मामले में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही जनता को उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया और क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए उनका निर्धारित समय के भीतर निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।

Leave a Comment