Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 21, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

पुलिस स्मृति दिवस पर वीर पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश के कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पोस्ट में लिखा, “देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर नमन। जय हिंद!” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कार्मिकों को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर विनम्र श्रद्धांजलि। मातृभूमि की रक्षा व नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्राणों का उत्सर्ग करने वाले इन अमर बलिदानियों का शौर्य पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट निष्ठा सदैव राष्ट्र सेवा का पथ आलोकित करती रहेगी। जय हिंद।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने लिखा, “राष्ट्र सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की सर्वोच्च मिसाल प्रस्तुत करने वाले सभी वीर पुलिसकर्मियों को पुलिस स्मृति दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव हमारी स्मृतियों में जीवित रहेगा। इन वीरों के परिवारों का धैर्य, साहस और त्याग भी पूरे राष्ट्र के लिए वंदनीय है। देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। जय हिंद!”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पोस्ट कर कहा, “पुलिस स्मृति दिवस पर देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति एवं जनसेवा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि! मातृभूमि की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आपका अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा। राष्ट्र आपके त्याग और समर्पण का सदैव ऋणी रहेगा।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, “देश की आंतरिक सुरक्षा एवं जन-सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी अमर बलिदानी पुलिसकर्मियों को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर विनम्र श्रद्धांजलि! कर्तव्य पथ पर अडिग रहकर राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के जीवन की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों का शौर्य एवं त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अदम्य साहस और राष्ट्र सेवा के प्रति अटूट समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। जय हिन्द!”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “देश की सुरक्षा व जनसेवा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को पुलिस स्मृति दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”
गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने कहा, “जन-जन की सुरक्षा से लेकर राष्ट्र की शांति और व्यवस्था बनाए रखने तक, पुलिस बल का समर्पण अतुलनीय है। पुलिस स्मृति दिवस पर अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”

Leave a Comment