Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 19, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी से अभिनेता अक्षय कुमार ने की मुलाकात, उत्तराखण्ड की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर हुई चर्चा



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज शासकीय आवास पर बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लैंडोर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। राज्य में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से उत्तराखण्ड की पहचान एक प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे फिल्म निर्माताओं को उत्तराखण्ड में शूटिंग के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देना है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सके।

Leave a Comment