बिहार में पुलिस प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार ने रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत दो भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों और बिहार पुलिस सेवा के 27 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस बदलाव में कई अनुमंडलों को नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मिले हैं, जबकि साइबर अपराध, निगरानी अन्वेषण, विशेष कार्य बल (एसटीएफ), मद्य निषेध और बिहार सैन्य पुलिस (बी-सैप) में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
2023 बैच के आईपीएस नारायण उपाध्याय को पटना के फुलवारीशरीफ में एसडीपीओ-वन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मुजफ्फरपुर नगर के एसडीपीओ-दो कार्तिकेयन एके को पुलिस मुख्यालय में एएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है। फिलहाल उन्हें नए पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है। मधेपुरा में साइबर अपराध के डीएसपी आशीष राज को मसौढ़ी का एसडीपीओ-दो बनाया गया है।
साइबर अपराध से लेकर एसटीएफ तक बदली जिम्मेदारियां
संजय कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, अजय कुमार सिंह को एसटीएफ, सुरेंद्र कुमार सिंह को मद्य निषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो और रामपुकार सिंह को बी-सैप-14, पटना में एएसपी बनाया गया है। साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए नवीन कुमार को मधुबनी, मनीष चंद्र चौधरी को मधेपुरा, लव कुमार को शेखपुरा और मो. फैसल चांद को सारण में डीएसपी साइबर क्राइम की जिम्मेदारी मिली है। ज्योति कुमारी को विशेष निगरानी इकाई और मनीषा कुमारी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीएसपी नियुक्त किया गया है।
कई अनुमंडलों में नए एसडीपीओ
भास्कर रंजन को डुमरांव (बक्सर), मंगलेश कुमार सिंह को बारसोई (कटिहार), दीपक कुमार को मुजफ्फरपुर नगर और प्रांजल को सीवान सदर का एसडीपीओ बनाया गया है। संतोष कुमार पोद्दार को खगड़िया सदर में एसडीपीओ-दो, सुमित शेखर को छपरा सदर में एसडीपीओ-वन और रवि कुमार को जगदीशपुर का एसडीपीओ नियुक्त किया गया है। अन्य तैनातियों में धीरेंद्र कुमार को बी-सैप-12, भीमनगर (सुपौल), सुमन कुमार शर्मा को एडीजी रेलवे कार्यालय, ममता प्रसाद को बी-सैप-पांच, पटना और जयप्रकाश सिंह को बी-सैप-18, डुमरांव में डीएसपी की जिम्मेदारी दी गई है। अनिकेत अमर को नाथनगर सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय में डीएसपी बनाया गया है। इसके अलावा कृष्णा कुमार को सीवान में डीएसपी यातायात, संजय कुमार सिन्हा को औरंगाबाद में डीएसपी मुख्यालय-दो, आशुतोष कुमार को रेल डीएसपी कटिहार और रजनीश कुमार को अररिया में डीएसपी मुख्यालय नियुक्त किया गया है।

