नरेंद्रनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया तथा विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमाओं और स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि और मेले की स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर मेले का शुभारंभ होना सुखद संयोग है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उन्होंने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को मां भगवती का स्वरूप माना जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं। उत्तराखण्ड सरकार भी केदारखंड और मानसखंड के प्रमुख मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में विभिन्न व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
टिहरी में पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने टिहरी जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। झील क्षेत्र में जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन प्रयासों से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय और विधि महाविद्यालय की स्थापना, सभागार निर्माण, गजा अस्पताल के उच्चीकरण तथा लगभग 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना का भी उल्लेख किया।
सांस्कृतिक झांकियों ने मोहा दर्शकों का मन
मेले में उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें छोलिया नृत्य, गाडू घड़ा (तेल कलश) की परंपरा, महिषासुर मर्दिनी, प्रह्लाद की भक्ति पर आधारित नरसिंह अवतार और मां कुंजापुरी से संबंधित झांकियां शामिल रहीं। इसके अलावा ‘भारत की गौरवशाली बेटियां’ और ‘बदलता एवं बढ़ता नरेंद्रनगर’ जैसे विषयों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और क्षेत्र के विकास को प्रदर्शित किया गया। झांकियों में विद्यार्थियों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती और नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

