Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 6, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी से मिले एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, छात्रहितों और युवाओं के भविष्य पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान छात्रहितों, संगठन की भूमिका और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाला दायित्व युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं के हितों के लिए सक्रियता के साथ कार्य करने और उनकी समस्याओं को समझकर सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्र हितों के साथ राष्ट्र हित, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े विषयों पर कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की अपेक्षाओं और समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बदलते समय के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल माध्यमों और रोजगार के बदलते अवसरों के दौर में युवाओं के लिए स्वयं को लगातार अपडेट रखना जरूरी है। नई तकनीकों और बदलती परिस्थितियों की जानकारी युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन केवल पढ़ाई और परीक्षा तक सीमित नहीं है। यह नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का भी महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे छात्र-छात्राओं के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे और अपने आचरण एवं कार्यों से अन्य युवाओं के लिए उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

वहीं, एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान छात्रहितों से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई।

Leave a Comment