पितृपक्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजनीय पिताजी और समस्त पूर्वजों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए विधि-विधान से श्राद्ध एवं तर्पण अर्पित किया। उन्होंने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की और पूज्य पिताजी की पुण्य स्मृतियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता-पिता और पूर्वजों की स्मृतियां केवल अतीत से जुड़ी यादें नहीं होतीं, बल्कि उनके संस्कार, विचार और जीवन-मूल्य आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने का काम करते हैं। पितृपक्ष हमें अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूज्य पिताजी को याद करते हुए कहा कि उनके विचार और सिद्धांत आज भी जीवन के पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने हर परिस्थिति में सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जीवन में आने वाली चुनौतियों के बीच उनके बताए मूल्यों को आत्मसात करना ही उनकी स्मृतियों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की। उन्होंने कहा कि पूर्वजों से मिले संस्कार और जीवन-मूल्य समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

