September 19, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में 25 सितंबर से ‘सेवा सेतु’ अभियान, ब्लॉक-तहसील स्तर पर लगेंगे तीन दिवसीय शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल और प्रदर्शनी लगाकर योजनाओं, उपलब्धियों और सुविधाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

शिविरों में पात्र लोगों का चयन कर उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके अलावा आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कैबिनेट मंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े विषयों पर आमजन को जागरूक करने के लिए भी विशेष गतिविधियां आयोजित करने को कहा गया।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को शिविरों की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, संबंधित योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों समेत विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा और कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविरों में पात्र लोगों का चयन, आवेदन पत्र भरने की सुविधा, योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण और पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Comment