September 23, 2026
Daily Lok Manch
Recent

पार्किंग एरिया में उतरा कैबिनेट मंत्री का हेलिकॉप्टर, बड़ा हादसा टला, पायलट की गलती से मचा हड़कंप



महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। पुणे के पुरंदर क्षेत्र में उनका हेलिकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड की बजाय सीधे कार पार्किंग एरिया में उतर गया। बताया जा रहा है कि वास्तविक हेलीपैड उस स्थान से करीब एक किलोमीटर पीछे बनाया गया था, लेकिन पायलट खाली पड़ी पार्किंग को ही लैंडिंग साइट समझ बैठा।



पुणे प्रशासन के मुताबिक कार्यक्रम के लिए अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया था और सुरक्षा इंतजाम भी किए गए थे। हालांकि, पार्किंग क्षेत्र खाली होने के कारण पायलट को भ्रम हुआ और उसने वहीं हेलिकॉप्टर उतार दिया। राहत की बात यह रही कि उस समय पार्किंग में ज्यादा हलचल नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।



यह घटना उस समय हुई जब भुजबल महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल के पास अचानक हेलिकॉप्टर उतरने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कई कारें कतार में खड़ी थीं और उनके सामने ही हेलिकॉप्टर उतार दिया गया। लैंडिंग के दौरान तेज हवा और धूल का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास मौजूद लोग पीछे हटते नजर आए।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और पायलट से पूछताछ की जा रही है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए हेलीपैड चिन्हांकन और सुरक्षा प्रोटोकॉल को और स्पष्ट करने की बात कही गई है। वहीं मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया कि इस पूरी घटना की जांच कराई जाएगी।

अजित पवार का प्लेन क्रैश में हो गया था निधन

छगन भुजबल जिस NCP पार्टी से आते हैं, उसी पार्टी के प्रमुख अजित पवार का निधन प्लेन क्रैश में हो गया था। अजित पवार का विमान 28 जनवरी को बारामती में क्रैश हो गया था। इस हादसे में अजित पवार के साथ-साथ 5 लोगों का निधन हो गया था। उनके विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी और बारामती में लैंडिंग से पहले ही क्रैश हो गया था।

Leave a Comment